*राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उद्देश्य भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित होकर बच्चों को राष्ट्रीय गौरव से प्रेरित करने वाली हैं — जगदीश यादव*
प्रियांश डाबी झाबुआ से
आज मेघनगर जिला झाबुआ के कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में राज्य शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री जगदीश यादव द्वारा बच्चों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के उद्देश्यों और उसके लाभों पर सारगर्भित एवं प्रेरक उद्बोधन दिया गया। इस संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति केवल पाठ्यक्रम बदलने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की सोच, कौशल, व्यक्तित्व विकास और भविष्य को मजबूत बनाने का व्यापक प्रयास है।राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) का विजन एक ऐसी शिक्षा प्रणाली विकसित करना है जो भारतीय मूल्यों पर आधारित हो, सभी को उच्च-गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करे और छात्रों को 21वीं सदी की चुनौतियों के लिए तैयार करे। इसका लक्ष्य छात्रों में भारतीयता का गौरव और राष्ट्र के प्रति सम्मान पैदा करना है।साथ ही बहु-विषयक, लचीली, और व्यावहारिक शिक्षा के माध्यम से छात्रों की रचनात्मकता और विश्लेषणात्मक सोच को बढ़ावा देना है। उन्होंने शिक्षकों व छात्रों को बताया कि यह नीति उनके सीखने के तरीके को अधिक रुचिकर, कौशल आधारित और प्रायोगिक बनाती है, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर और सफल नागरिक बन सकें। उद्बोधन के दौरान श्री यादव ने यह भी कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में 100% अंक प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों को समझना, उनको अपनाना और अपनी क्षमताओं को पहचानकर समाज व राष्ट्र निर्माण में भागीदारी देना है। आज की शिक्षक छात्र परिचर्चा में श्री मनीष पंवार, फिरोज खान सहित विद्यालय के शिक्षकगण तथा छात्र-छात्राओं ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।