*जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के अंतर्गत सीईओ जिला पंचायत ने किया प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण, समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश*
प्रियांश डाबी झाबुआ से
झाबुआ, 03 अप्रैल 2026। जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के अंतर्गत आज मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान द्वारा ग्राम पंचायत नरवलिया एवं पिपलिया में संचालित विभिन्न जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खेत तालाब, डग वेल रिचार्ज पिट, अमृत सरोवर एवं अन्य तालाबों के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। कार्यों के अपूर्ण पाए जाने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा अप्रसन्नता व्यक्त की गई तथा संबंधित क्रियान्वयन एजेंसियों को अभियान अवधि के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयसीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर “एक बगिया मां के नाम” परियोजना के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद भी किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने निर्देशित किया कि ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए लगाए गए पौधों की शत-प्रतिशत उत्तरजीविता सुनिश्चित की जाए, इसके लिए नियमित सिंचाई एवं देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं हरित विकास से जुड़े इन प्रयासों में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है तथा सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाए।