जनगणना 2027 के अंतर्गत शत प्रतिशत कार्य करने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का कलेक्टर ने किया सम्मान*

0
IMG-20260509-WA0351(4)
Spread the love

*जनगणना 2027 के अंतर्गत शत प्रतिशत कार्य करने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का कलेक्टर ने किया सम्मान*

प्रियांश डाबी झाबुआ से

झाबुआ, 09 मई 2026। जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना) का कार्य निरंतर प्रगति पर है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में जिलेभर में प्रगणक, पर्यवेक्षक एवं चार्ज अधिकारी पूरी सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ जनगणना कार्य में संलग्न हैं।

इसी क्रम में आज कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा जिले में मकान सूचीकरण कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण कर HLB कार्य समयपूर्व पूरा करने वाले 30 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद जनगणना कार्य को पूरी निष्ठा, समर्पण एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करना सराहनीय है।

कलेक्टर ने कहा कि जनगणना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े शासन की विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में इस कार्य में लगे प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती रीतिका पाटीदार सहित जनगणना कार्य में लगे समस्त अमले के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पूरी टीम ने समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए जिले में जनगणना गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित किया है।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से चर्चा कर उनके अनुभव भी जाने। झाबुआ तहसील के नवागांव HLB क्रमांक 294 की प्रगणक भगवती बघेल ने बताया कि उनके पिताजी की तबीयत अत्यंत गंभीर होने के बावजूद उन्होंने जनगणना कार्य को निरंतर जारी रखा। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने भी इस “पुण्य कार्य” में उनका पूरा सहयोग किया, जिसके कारण वे सभी कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए अपना कार्य समय से पहले पूर्ण कर सकीं।

इसी प्रकार रामा तहसील के ग्राम बोचका के HLB क्रमांक-147 से जुड़े प्रगणक ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहली बार जनगणना कार्य करने का अवसर मिलने से वे अत्यंत उत्साहित रहे। उन्होंने कहा कि समयपूर्व कार्य पूर्ण कर प्रशंसा प्राप्त होने से उन्हें आगे भी जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने की प्रेरणा मिली है।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने का संकल्प भी लिया। कलेक्टर ने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से आगामी चरणों में भी इसी ऊर्जा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *