राज्य सहायक अध्यापक “गुरुजी” संघ की बैठक ग्राम अंतरवेलिया मेघनगर में संपन्न. आंदोलन की हुई घोषणा.
नीलीमा डाबी
दिनांक 15- 9- 2024 दिन रविवार को राज्य सहायक अध्यापक संघ की बैठक ग्राम अंतरवेलिया मेघनगर में आयोजित हुई.बैठक में गुरुजियों की वरिष्ठता की मांग को लेकर निर्णय लिया गया की यदि मध्य प्रदेश सरकार 15 दिवस के अंदर गुरुजियों के वरिष्ठता के आदेश जारी नहीं करती, तो संगठन ने निर्णय लिया है की एक दिवसीय धरना प्रदर्शन रैली का आयोजन मध्य प्रदेश के प्रत्येक जिले में किया जाएगा, तत्पश्चात राजधानी भोपाल में गुरुजियों का आंदोलन होगा.आंदोलन के दिनांक की घोषणा शीघ्र ही रूपरेखा बनाकर कर दी जाएगी. बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव तेज नारायण द्विवेदी ने बताया कि गुरुजियों से प्राथमिक शिक्षक बने शिक्षक साथी विगत 15 वर्षों से एक ही मांग कर रहे हैं कि उनको उनकी प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता प्रदान की जाए.लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी की घोषणा के बावजूद अधिकारियों के हठ धर्मिता के कारण आज दिनांक तक आदेश जारी नहीं हुए.संगठन को मजबूर होकर आर पार की लड़ाई लड़ने हेतु आंदोलन की घोषणा करनी पड़ी. गुरुजियों के पूर्व आंदोलन मध्य प्रदेश के इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं.इसलिए अबकी बार संपूर्ण तैयारी के साथ भोपाल में जुटेंगे.जब तक आदेश नहीं तब तक घर वापसी नहीं. बैठक में उपस्थित संघ के जिला अध्यक्ष प्रकाश पालीवाल, कार्यकारी जिला अध्यक्ष एवं जिला संयोजक बहादुर सिंह भूरिया ने जिले के समस्त साथियों से अनुरोध किया कि अब समय आ गया है हम सब एक साथ मिलकर लड़ाई लड़े ताकि हमारा भविष्य सुरक्षित हो सके.इस आंदोलन में झाबुआ जिले के प्रत्येक गुरुजी की सहभागिता होगी. नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता लेकर रहेंगे इसके लिए जो भी कीमत चुकानी पड़े हम सब तैयार हैं. बैठक में जिले के सैकड़ो गुरुजी उपस्थित हुए.मुख्य रूप से धन्नालाल हामड, राम सिंह डामोर, रमेश वर्मा, धनेश्वर वर्मा, गब्बू सिंह दांगी, महेंद्र चौहान, रमेश मेडा, हरिराम पाटीदार, श्रीमती नीता अरोड़ा, मनोहर गुंडिया सहित सैकड़ो गुरुजी उपस्थिति हुए।