विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत कलेक्टर ने किया रंभापुर, मोरझरी एवं परवलिया के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण*

0
IMG-20251104-WA0017(2)
Spread the love

*विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत कलेक्टर ने किया रंभापुर, मोरझरी एवं परवलिया के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण*

*बीएलओ द्वारा किये जा रहे मतदाता मैपिंग कार्य का किया अवलोकन*

प्रियांश डाबी झाबुआ से

झाबुआ, 04 नवम्बर 2025। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा मीना ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 194-थांदला विधानसभा क्षेत्र के रंभापुर, मोरझरी एवं परवलिया स्थित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया तथा बीएलओ द्वारा किए जा रहे मतदाता मैपिंग कार्य की प्रगति का अवलोकन किया।
रंभापुर के एकीकृत शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्थित मतदान केन्द्र क्रमांक 246 एवं 249 पर बीएलओ द्वारा बीएलओ एप के माध्यम से की जा रही मैपिंग की सराहनीय प्रगति देखकर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बीएलओ से एप संचालन, 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं की मैपिंग तथा 40 वर्ष से कम आयु वर्ग के मतदाताओं की वंशवृक्ष के माध्यम से की जाने वाली प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से करवाया।
निरीक्षण के दौरान एक विवाहित महिला, जिनका नाम 2003 की SIR सूची में नहीं है परंतु 2025 की SSR सूची में है, के उदाहरण से कलेक्टर ने उनके पिता के मतदान केन्द्र की सूची के माध्यम से मैपिंग की प्रक्रिया पूर्ण कराई।
इसके उपरांत कलेक्टर ने मोरझरी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में स्थित मतदान केन्द्रों के बीएलओ से चर्चा की। उन्होंने पाया कि लगभग 50 प्रतिशत से अधिक मैपिंग कार्य पूर्ण हो चुका है। विवाहित महिलाओं की मैपिंग प्रक्रिया अपेक्षाकृत लंबी और जटिल होने के कारण कलेक्टर ने बीएलओ को समन्वय हेतु पटवारी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सहायता लेने के निर्देश दिए।
परवलिया में भी कलेक्टर ने बीएलओ एप की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि मैपिंग कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाए तथा विवाहित महिलाओं की मैपिंग डोर-टू-डोर विजिट के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। साथ ही मैपिंग पूर्ण होने के बाद एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण एवं प्राप्ति की प्रक्रिया भी बीएलओ एप के माध्यम से प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने थांदला विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ के कार्य की सराहना करते हुए अच्छे कार्य करने वाले बीएलओ को अन्य बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर निर्वाचन रजिस्ट्री अधिकारी (ईआरओ) थांदला श्री महेश मण्डलोई, नायब तहसीलदार मेघनगर श्रीमती मृदुला सचवानी, बीएलओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *