*न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह-2025 के अंतर्गत विधिक साक्षरता शिविर*
प्रियांश डाबी थांदला से
झाबुआ, 11 नवम्बर 2025। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार 09 नवम्बर 2025 से 14 नवम्बर 2025 तक न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह-2025 का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्रीमती विधि सक्सेना के संरक्षण व मार्गदर्शन एवं सचिव श्री शिव कुमार डावर की अध्यक्षता तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक की उपस्थिति में 11 नवम्बर-2025 को संत जोसफ हाईस्कूल बड़ी धामनी थांदला में नालसा बच्चों की योजना अंतर्गत विधिक साक्षरता/जागरूकता शिविर एवं चित्रकला, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
शिविर को संबोधित करते श्री डावर ने राष्ट्रीय शिक्षा दिवस की शुभकामनाऐं देते हुये कहा कि यह दिवस हमें हमारे प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान की याद दिलाता है। शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमें अच्छा नागरिक, संवेदनशील मनुष्य और जागरूक समाज का सदस्य बनना सिखाती है। आज के इस विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का उद्देश्य यही है कि आप सभी बच्चे अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझें। आपको शिक्षा का अधिकार प्राप्त है, जिसके तहत 6 से 14 वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा मिलना उसका मौलिक अधिकार है। इसी तरह बाल अधिकार, पॉस्को एक्ट और बाल श्रम विरोधी कानून आपको किसी भी प्रकार के शोषण, अत्याचार या बाल श्रम से सुरक्षा प्रदान करते हैं। आपको यह भी समझना आवश्यक है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना आपकी और दूसरों की जान की सुरक्षा के लिए अत्यंत जरूरी है। शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक ने साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया, चाईल्ड हेल्पलाईन नंबर 1098 आदि की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान अतिथिगणों ने बच्चों से विभिन्न सामान्य विधिक प्रश्न पूछे और उनके ज्ञान की सराहना की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने इस आयोजन से विधिक जानकारी प्राप्त करते हुए अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
उक्त कार्यक्रम में स्कूल प्राचार्य सुश्री सि. सुकान्ती तिर्की, स्कूल शिक्षक/शिक्षिकाऐं, उदय संस्था से उपस्थित रहें।