*संयुक्त दल की कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा 60 किग्रा मिठाई जप्त*
नीलिमा डाबी झाबुआ
झाबुआ, 17 अक्टूबर 2025। दीपावली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर नेहा मीना जिला झाबुआ के निर्देशन में एडीएम श्री चंदरसिंह सोलंकी द्वारा गठित दल के साथ खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा भी औचक निरीक्षण कर 17 अक्टूबर 2025 को झाबुआ नगर में बस स्टैंड स्थित बालाजी स्वीट्स से एक्सपायरी मिठाई को खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा जप्त किया गया है।
झाबुआ में त्यौहार को मद्देनज़र रखते हुए संयुक्त दल द्वारा लगातार निरीक्षण कर कार्यवाही की जा रही है। आज झाबुआ में न्यू बालाजी स्वीट्स, बालाजी स्वीट्स, मामाजी रेस्टोरेंट, निलेश रेस्टोरेंट, मिठास स्वीट्स, रूपश्री इत्यादि प्रतिष्ठानों के निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की मौके पर ही प्रारंभिक जाँच की गई एवं अन्य पैरामीटर पर जाँच के लिए मिठाई, हलवा, नुक्ति, बर्फी इत्यादि खाद्य सामग्री के कुल 13 नमूने लिए गए है। मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं पाए जाने पर 07 दुकानदारों को नोटिस जारी किये जा रहे है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राहुल सिंह अलावा द्वारा बताया गया कि गुजरात से पाम तेल में निर्मित मिठाई बस स्टैंड स्थित बालाजी स्वीट एवं नमकीन पर एक्सपायरी मिठाई टाट के बोरे में कुल 60 किग्रा की मात्रा में भंडारित पाई गई।
प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ की जानकारी तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को उपलब्ध कराएं।
टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राहुल सिंह अलावा, श्री वेलसिंह मोरी, श्री संजय पाटिल एवं श्री आनंद चंगोड कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, नापतौल निरीक्षक श्री कपिल कदम, श्रम सहायक श्री संजय पाँचाल उपस्थित रहे।